Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रामनवमी को लेकर तैयारियां तेज, सुरक्षा व सुविधाओं पर प्रशासन सख्त

रामनवमी को लेकर तैयारियां तेज, सुरक्षा व सुविधाओं पर प्रशासन सख्त

0

अयोध्या। चैत्र रामनवमी के सफल आयोजन के मद्देनजर श्रीराम जन्मभूमि परिसर के पीएफसी में बुधवार को एक उच्च स्तरीय ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रवीण कुमार, राजेश कुमार, सोमेन बर्मा, निखिल टीकाराम फुंडे तथा डॉ गौरव ग्रोवर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में रामनवमी पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, जिससे आवागमन में कोई बाधा न हो। उन्होंने भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी योजना बनाने और दर्शन-पूजन कार्यक्रम को स्क्रीन के माध्यम से प्रसारित करने के निर्देश भी दिए।

अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार ने सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर में बिना जांच किसी को प्रवेश न दिया जाए। साथ ही बैरिकेटिंग, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा सेवाएं और एंटी ड्रोन सिस्टम को पूरी तरह तैयार रखने को कहा।

बैठक से पूर्व अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में मिली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version