◆ घटना के बाद आरोपी के घर पहुंची कई थानों की पुलिस
◆ सुल्तानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र की घटना, कार्रवाई के लिए अयोध्या के कुमारगंज थाने की पुलिस पहुंची थी
अयोध्या। थाना कुमारगंज में दर्ज मुकदमें के आरोपी को पकड़ने सुल्तानपुर जनपद के हलियापुर थाना क्षेत्र में गई पुलिस की टीम पर हमला हुआ। टीम अयोध्या व सुल्तापुर जनपद की सीमा पर स्थित गांव डोभियारा लाल का पुरवा में गई थी। हमले में पुलिस के उपनिरीक्षण की सर्विस रिवाल्वर भी आरोपियों ने छीन लिया। जिसके बाद मौके पर कई थानों की पुलिस ने पहुंची।
हलियापुर थाना क्षेत्र के डोभियारा का पुरवा के रहने वाले दशरथ सिंह ने कुछ दिन पहले कुमारगंज बाजार निवासी राहुल मिश्रा पर प्राणघातक हमला किया था। कुमारगंज थाने में उसके खिलाफ प्राणघातक हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गयी। पुलिस इससे पहले 18 नवम्बर को भी आरोपी को पकड़ने के लिए गयी थी। गुरुवार की सुबह करीब 10ः30 पर जब कुमारगंज थाने की पुलिस आरोपी के गांव पहुंची तो दशरथ सिंह व उसके परिजनों ने पुलिस की टीम पर हमला बोल दिया। आदर्श सिंह, दशरथ सिंह ने अन्य के साथ मिलकर टीम में शामिल उपनिरीक्षक अकील हुसैन, उपनिरीक्षक भानु प्रताप शाही व कांस्टेबल उमेश गौतम को लाठी डंडो के पीटकर घायल कर दिया। आरोपी व उसके परिजनों ने उपनिरीक्षक अकील हुसैन की सर्विस रिवाल्वर और मोबाइल फोन छीन लिया व फरार हो गये। अब सुल्तानपुर जनपद के चार थानों की पुलिस आरोपी व उसके परिजनों की तलाश में जुटी है।