अयोध्या । अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अयोध्या पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी मोहम्मद आसिफ कुरैशी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को बस अड्डा अयोध्या से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से मृतक का मतदाता पहचान पत्र बरामद हुआ, जो दर्ज मुकदमे से संबंधित बताया गया है। पुलिस के अनुसार आसिफ कुरैशी शातिर किस्म का अपराधी है और पहले भी जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद आसिफ कुरैशी मूल रूप से बाराबंकी के घुंघटेर थाना क्षेत्र के बाबागंज गांव का निवासी है, जबकि फिलहाल लखनऊ के हुसैनगंज क्षेत्र में रहता था। उसकी उम्र करीब 32 वर्ष है।
आरोपी के खिलाफ लखनऊ और अयोध्या जिलों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, चोरी और ठगी जैसी धाराएं शामिल हैं। अयोध्या के रौनाही थाने में दर्ज मुकदमे के सिलसिले में ही उसकी गिरफ्तारी की गई है।