Tuesday, November 10, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याछप्पन भोग की सजी थालियां, भक्ति के रंग में रंगी रामनगरी :...

छप्पन भोग की सजी थालियां, भक्ति के रंग में रंगी रामनगरी : अन्नकूट महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का उल्लास


अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली के बाद आयोजित इस महोत्सव में मंदिरों, मठों और आश्रमों में भगवान श्रीराम और माता सीता को छप्पन प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया गया। सजे हुए भोग के थाल, गूंजते भजन और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरी रामनगरी भक्तिरस में सराबोर नजर आई। सुबह से ही प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम 14 वर्षों का वनवास पूरा कर लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे थे। प्रभु के आगमन पर माता कौशल्या सहित समूची अयोध्या ने दीप प्रज्ज्वलित कर उनका स्वागत किया था। मान्यता है कि वनवास के दौरान प्रभु श्रीराम ने कंद-मूल और फलों का सेवन कर समय व्यतीत किया। अयोध्या आगमन पर माता कौशल्या और नगरवासियों ने अपने आराध्य के प्रति प्रेम और समर्पण प्रकट करते हुए उन्हें विविध प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया। इसी परंपरा से अन्नकूट महोत्सव का धार्मिक महत्व जुड़ा हुआ है।

इसी आस्था और परंपरा का निर्वहन करते हुए कौशलेश सदन, श्री सीताराम आश्रम, दर्शन भवन, राजगोपाल, खड़ेश्वरी सहित अयोध्या के विभिन्न मंदिरों में छप्पन भोग की आकर्षक सजावट की गई। केसरिया खीर, मालपुआ, पूड़ी, कचौड़ी, पंचमेवा और विभिन्न प्रकार के मिष्ठानों सहित 56 व्यंजनों से भगवान की भोग थालियां सजाई गईं। विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद भगवान को भोग अर्पित किया गया।

महोत्सव के अवसर पर विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर भंडारों का आयोजन भी किया गया। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान का प्रसाद ग्रहण किया। कहीं भजन-कीर्तन की स्वर लहरियां वातावरण को भक्तिमय बना रही थीं तो कहीं प्रसाद वितरण में श्रद्धालु सेवा भाव से जुटे दिखाई दिए।

अन्नकूट महोत्सव ने रामनगरी की प्राचीन धार्मिक परंपराओं, सामूहिक श्रद्धा और समर्पण की भावना को एक बार फिर जीवंत कर दिया। भक्ति, परंपरा और प्रसाद के इस अनूठे संगम में पूरी अयोध्या राममय नजर आई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments