Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर बढ़ा आक्रोश

दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर बढ़ा आक्रोश

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने और पॉक्सो एक्ट नहीं लगाए जाने को लेकर पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश है। परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर अनशन करने की तैयारी है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग पुत्री के साथ एक युवक पिछले लगभग एक माह से दुष्कर्म करता रहा। साथ ही घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी देता था। मामले में 18 जुलाई को जलालपुर कोतवाली में शिकायत दी गई थी। आरोप है कि काफी हीलाहवाली के बाद पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
परिजनों का कहना है कि चूंकि मामला नाबालिग किशोरी से जुड़ा है, इसलिए आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट लगाया जाना चाहिए था। इस संबंध में पुलिस की कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित परिवार के समर्थन में अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के पदाधिकारी भी अनशन में शामिल हो सकते हैं। संगठन के एक पदाधिकारी ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि संगठन पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने और न्याय की लड़ाई में साथ खड़ा रहने के लिए तैयार है।
इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान पॉक्सो एक्ट की धाराएं शामिल कर ली जाएंगी तथा आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी और विधि सम्मत सभी धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version