अयोध्या। विश्व हिन्दू महासंघ द्वारा संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संत रविदास जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत सामाजिकसमरसतासंगोष्ठीएवंसहभोज का आयोजन 14 कोसी परिक्रमा मार्ग स्थित देवनारायण रिजॉर्ट में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में समता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व हिन्दू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति एवं विशिष्ट अतिथि प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश यादव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन विजय शंकर शुक्ला ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक कुमार सिंह रोहित, क्षत्रिय महासंघ के राजेश प्रताप सिंह मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति ने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और विचारों से समाज को समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज के समय में और भी प्रासंगिक हैं, जब समाज को जाति और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होने की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने कहा कि संत रविदास का दर्शन सामाजिक समरसता की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू महासंघ निरंतर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कार्य कर रहा है और आगे भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक एकता को मजबूत किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में समरसता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन कर सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
रेखा मंडलेश्वर किन्नर, रैदास मंदिर के महंत बनवारी पति ब्रहमचारी, प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह, सूर्यभान सिंह, जयशंकर केसरी, अमरपाल सिंह, राजेश प्रताप सिंह, अनिल सिंह, पप्पू सिंह, शिव भोला सिंह, बलराम सिंह, प्रियंका गुप्ता, नेहा सिंह, रोली श्रीवास्तव, नीतू यादव, नीलम शुक्ला, अंजलि, नेहा सिंह आदि उपस्थित रहे।