◆ शेषावतार मंदिर में सजेगी झांकी, नागनाथ मंदिर पर भी जुटे श्रद्धालु
अयोध्या। पावन सावन मास और नागपंचमी के संयोग पर अयोध्या की धार्मिक आस्था एक बार फिर चरम पर दिखाई दी। मंगलवार को नागेश्वरनाथ मंदिर, राम की पैड़ी स्थित नागनाथ मंदिर और लक्ष्मण घाट स्थित शेषावतार मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह होते ही सरयु तट पर स्नान कर हजारों श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे। नागेश्वरनाथ मंदिर में तो सुबह 3 बजे से ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर चलता रहा। भक्तों ने बेलपत्र, दूध, गंगाजल और पुष्पों से भगवान शिव का पूजन कर परिवार की सुख-शांति और रक्षा की कामना की। शेषावतार मंदिर, जो कि नागपंचमी पर विशेष रूप से पूजित होता है, वहां शेषनाग के अवतार की आकर्षक झांकी सजाई जा रही है। मान्यता है कि इस दिन यहां दर्शन-पूजन करने से पूरे वर्ष सर्पदंश का भय नहीं रहता। इस धार्मिक मान्यता को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। राम की पैड़ी स्थित नागेश्वरनाथ मंदिर में भी भक्तों का भारी सैलाब उमड़ा। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। आईजी प्रवीण कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंदिर परिसरों में पुलिस, पीएसी व होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं।