Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या नितिन नबीन बने भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष, नए अध्यक्ष के चुनाव...

नितिन नबीन बने भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष, नए अध्यक्ष के चुनाव तक संभालेंगे जिम्मेदारी

0

नई दिल्ली। बिहार सरकार में परिवहन मंत्री नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रविवार को भाजपा के संसदीय बोर्ड के इस निर्णय की औपचारिक जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी। नितिन नवीन को यह जिम्मेदारी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक सौंपी गई है।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था। नड्डा वर्ष 2020 में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे और उनका कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो चुका था। इसके बाद से वे विस्तार (एक्सटेंशन) पर कार्य कर रहे थे। इसी बीच नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश जारी थी, जिसके मद्देनजर पार्टी ने संगठनात्मक संतुलन बनाए रखने के लिए नितिन नवीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है।

नितिन नवीन वर्तमान में बिहार सरकार में परिवहन मंत्री हैं और संगठन व सरकार दोनों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। 45 वर्षीय नितिन नवीन को पार्टी के युवा, ऊर्जावान और संगठन के प्रति समर्पित नेताओं में गिना जाता है। उनकी नियुक्ति को भाजपा में पीढ़ीगत संतुलन और भविष्य की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।

भाजपा में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर कई नामों पर चर्चा चल रही है। इनमें शिवराज सिंह चौहान, सुनील बंसल, धर्मेंद्र प्रधान, रघुवर दास, वानति श्रीनिवासन, तमिलिसाई सौंदर्यराजन और डी. पुरंदेश्वरी जैसे वरिष्ठ व अनुभवी नेताओं के नाम शामिल हैं। इनमें से कुछ नेता संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन के लिहाज से मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यदि भविष्य में नितिन नवीन को ही पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है, तो वे भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। फिलहाल कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनकी भूमिका संगठन को आगामी चुनौतियों और चुनावी रणनीतियों के लिए तैयार करने में अहम मानी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version