अम्बेडकर नगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के मौरापारा गांव में मंगलवार देर रात गोली चलने की सूचना से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने जहां घर में घुसकर फायरिंग व मारपीट का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस प्रारंभिक जांच में मामले को मनगढ़ंत बताते हुए अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि रात करीब डेढ़ बजे गांव में गोली जैसी आवाज सुनकर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित सरोज सिंह निवासी मौरापार की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गांव के कुछ नामजद व दो अज्ञात लोग चार पहिया वाहन से पहुंचे और घर का दरवाजा तोड़कर भीतर घुस गए। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की, साथ ही घर के दरवाजे व अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे ग्रामीणों के अनुसार आरोपित मौके से धमकी देते हुए फरार हो गए।
उधर, अहिरौली थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला मनगढ़ंत प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस तहरीर व तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।