◆ दो डंपर और दो ट्रॉली सामान जब्त, यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई
अयोध्या। रामपथ को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने सोमवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। उदया चौराहा से लता चौक तक चले इस अभियान के दौरान सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री, ईंट, मलबा, ठेले तथा अन्य अवरोधों को हटाते हुए दो डंपर और दो ट्रॉली सामान जब्त किया गया।
अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता ने किया। उनके साथ प्रवर्तन दल (ईटीएफ) के प्रभारी अमरजीत एवं उनकी टीम मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान फुटपाथ और सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में यातायात पुलिस की भी सक्रिय भागीदारी रही। ट्रैफिक इंस्पेक्टर की मौजूदगी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों के चालान किए गए, जिससे मार्ग पर आवागमन सुचारु बना रहे।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और जाममुक्त बनाए रखने के लिए अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। लोगों से सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों पर सामान न रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।