Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या 3.82 करोड़ की लागत से बन रहा आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र, अंतिम चरण...

3.82 करोड़ की लागत से बन रहा आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र, अंतिम चरण में निर्माण कार्य

0

अयोध्या। सोहावल स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में 3.82 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक कार्यशाला एवं प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संस्थान में विद्यार्थियों को आधुनिक मशीनों और तकनीकों के माध्यम से प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

परियोजना के तहत आधुनिक कार्यशाला, प्रशिक्षण केंद्र तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को सौंपी गई है। सहायक अभियंता संजय सिंह ने बताया कि भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। वर्तमान में पेंटिंग, फिनिशिंग और अन्य शेष कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यह परियोजना टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से विकसित की जा रही है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद संस्थान का संचालन भी कंपनी द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही आधुनिक मशीनों की स्थापना, संचालन, रखरखाव और प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी कंपनी निभाएगी।

इस परियोजना की स्वीकृत लागत 3.82 करोड़ रुपये है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद संस्थान में विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षुओं को आधुनिक तकनीकों पर आधारित प्रशिक्षण मिल सकेगा, जिससे उनके कौशल विकास के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

आईटीआई प्रशासन के अनुसार निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर संस्थान को नई सुविधाओं के साथ संचालित किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version