Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या बाढ़ से निपटने की मॉक ड्रिल- रूदौली में युवक को नदी से...

बाढ़ से निपटने की मॉक ड्रिल- रूदौली में युवक को नदी से सुरक्षित निकाला गया

0

अयोध्या। संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिए गुरुवार को अयोध्या जनपद की तीन तहसीलों—सदर, सोहावल और रूदौली—में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य प्रशासनिक तैयारियों की जांच और ग्रामीणों को आपदा से बचाव के तरीके सिखाना रहा।

रूदौली तहसील के सरयू किनारे बसे महंगू का पुरवा गांव में ड्रिल के दौरान एक युवक के नदी में डूबने की सूचना मिली। तत्काल सक्रिय हुई पुलिस टीम ने युवक को बचाकर पास के स्वास्थ्य शिविर में पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीएचसी रूदौली रेफर किया गया। इस मॉक ड्रिल में नाव पलटने, टापू पर लोगों के फंसे होने और जलस्तर बढ़ने जैसी तीन आपात स्थितियों का अभ्यास किया गया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य व राजस्व विभाग की टीमें सक्रिय रहीं।

सदर तहसील के माझा रामपुर पुवारी और सोहावल के कोट सराय गांव में भी मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत शिविरों की व्यवस्था और पशुओं के इलाज की व्यवस्थाएं भी की गईं। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी महेंद्र कुमार, एसडीएम रूदौली अशोक सैनी, सीओ रूदौली आशीष निगम समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version