अयोध्या। शहर के बहुप्रतीक्षित नगर निगम के नए प्रशासनिक भवन का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। बुधवार को महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने अधिकारियों की टीम के साथ निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और फिनिशिंग कार्य को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ और सहायक अभियंता सिविल राजपति यादव के साथ दोपहर साढ़े 12 बजे निर्माण स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने ठेकेदार फर्म बैग माइन इंटरप्राइजेज, बरेली के परियोजना प्रबंधक महाराज शर्मा तथा पीएमसी प्रतिनिधि दिवाकर के साथ भवन की प्रत्येक मंजिल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम और अयोध्या विकास प्राधिकरण का संयुक्त प्रशासनिक भवन लगभग तैयार हो चुका है और अब अंतिम रूप से फिनिशिंग कार्य चल रहा है।
जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे के अनुसार भवन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इसमें रैंप निर्माण प्रगति पर है, जबकि लिफ्ट स्थापना की तैयारी पूरी हो चुकी है। भवन में नगर निगम और एडीए के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार होंगे। पांच मंजिला इस भवन के एक हिस्से में पांचवीं मंजिल नगर निगम के लिए निर्धारित की गई है, जहां नगर आयुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठेंगे।
भवन में भूमिगत पार्किंग, सोलर पैनल आधारित बैकअप, उन्नत अग्निशमन प्रणाली और बेहतर जल प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है। बेसमेंट में 292 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक ने भवन को नगर निगम को सौंपने के लिए तीन माह का समय मांगा। इस मौके पर पार्षद अभिनव पांडे भी मौजूद रहे।