Thursday, July 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याश्रीरामलला के दरबार में मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने किए दर्शन

श्रीरामलला के दरबार में मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने किए दर्शन


अयोध्या। मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम शुक्रवार को अपनी पत्नी वीना रामगुलाम और करीब 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ अयोध्या पहुंचे। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में पहुंचकर रामलला की आरती उतारी और मंदिर निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। वे भूटान के प्रधानमंत्री के बाद दूसरे राष्ट्राध्यक्ष बने, जिन्होंने मंदिर में दर्शन किए।

महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। एयरपोर्ट से उनका काफिला सुरक्षा घेरे में सीधे राम मंदिर पहुंचा। वहां करीब आधा घंटे तक उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और निर्माण कार्य की जानकारी ली।

मंदिर परिसर में टाटा कंपनी की ओर से मंदिर निर्माण पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई, जिसमें निर्माण की प्रगति और शिल्पकला का विवरण प्रस्तुत किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को मंदिर का मॉडल और उनकी पत्नी को अंगवस्त्र भेंट किया।

भारत और मॉरीशस के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध हैं। मॉरीशस की आबादी का बड़ा हिस्सा भारतीय मूल का है और वहां रामायण तथा भगवान राम के प्रति गहरी आस्था है। यही कारण है कि यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों को सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री रामगुलाम ने अयोध्या की यात्रा को विशेष अनुभव बताते हुए भगवान राम के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। प्रधानमंत्री के आगमन पर अयोध्या में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। मंदिर परिसर में भी पुलिस व एटीएस की टीमें तैनात रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments