अयोध्या। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में गुरुवार को मंडल स्तरीय वृहद ऋण वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अयोध्या मंडल में विभिन्न योजनाओं के तहत करीब 4,500 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए जाने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह समेत विभिन्न बैंकों और विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
23 जुलाई से 24 सितंबर तक चले ऋण वितरण अभियान के दौरान कृषि, एमएसएमई, रिटेल, हाउसिंग, ऑटोमोबाइल, स्वयं सहायता समूह सहित विभिन्न क्षेत्रों के लाभार्थियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री युवा योजना, पीएमईजीपी, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को भी ऋण दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। उन्होंने लोगों से बैंक और सरकार की स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगार और व्यवसाय को आगे बढ़ाने की अपील की। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक अधिकारियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
शिविर में मंडल के सभी जनपदों से करीब 800 ग्राहक, बीसी सखियां और अन्य प्रतिभागी शामिल हुए। इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त राजेश कुमार झा, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।