Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रामायण वैक्स म्यूजियम के बगल में बनेगा सेलिब्रिटी हॉल, मोदी-योगी समेत कई...

रामायण वैक्स म्यूजियम के बगल में बनेगा सेलिब्रिटी हॉल, मोदी-योगी समेत कई हस्तियों के लगेंगे वैक्स मॉडल

0

◆  गोवा, लोनावला और केरल के बाद अयोध्या में नया प्रोजेक्ट तैयार कर रहे सुनील कंडलोर


◆  अनुमति संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मार्च से शुरू होगा निर्माण कार्य


अयोध्या । रामनगरी अयोध्या में पर्यटन के आकर्षण को और विस्तार देने की तैयारी है। रामायण वैक्स म्यूजियम के बगल में अब सेलिब्रिटी हॉल बनाया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत राजनीति, फिल्म, खेल और अन्य क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के वैक्स मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। वैक्स मॉडल निर्माण के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों से सक्रिय सुनील कंडलोर इस परियोजना को साकार करने जा रहे हैं। गोवा, लोनावला और केरल में उनके तीन सेलिब्रिटी म्यूजियम पहले से संचालित हैं। अब इसी तर्ज पर अयोध्या में नया आकर्षण विकसित करने की योजना है।

सुनील कंडलोर ने बताया कि रामायण वैक्स म्यूजियम में आने वाले पर्यटकों को रामायण के प्रसंगों और पात्रों के साथ देश की जानी-मानी हस्तियों के वैक्स मॉडल देखने का अवसर भी मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से रामायण म्यूजियम के बगल में अलग सेलिब्रिटी हॉल बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके लिए कुछ अनुमति संबंधी औपचारिकताएं पूरी होनी बाकी हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मार्च से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात और बातचीत के बाद उनका वैक्स मॉडल तैयार किया गया है। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मॉडल बनाने की भी तैयारी है। इस संबंध में मुख्यमंत्री से बातचीत हो चुकी है। कंडलोर के मुताबिक, मॉडल तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री को करीब 10 मिनट बैठकर समय देना होगा, ताकि उनके चेहरे और शरीर का सटीक माप लिया जा सके। इसके बाद दो से तीन महीने में मॉडल तैयार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का वैक्स मॉडल बनाने की योजना निश्चित है, इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।


चार महीने में पर्यटकों के बीच लोकप्रिय हुआ रामायण म्यूजियम


अयोध्या में रामायण थीम पर विकसित वैक्स म्यूजियम को चार महीने पूरे हो चुके हैं। 19 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका उद्घाटन किया था। इसके बाद से देश के विभिन्न राज्यों से अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालु और पर्यटक म्यूजियम का अवलोकन कर रहे हैं। संस्थापक सुनील कंडलोर के अनुसार, यहां आने वाले पर्यटकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। लोग म्यूजियम की सराहना करने के साथ इसके विस्तार को लेकर सुझाव भी दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।


एक साल में पूरा होगा म्यूजियम का विस्तार


कंडलोर ने बताया कि रामायण वैक्स म्यूजियम का पहला चरण ही अभी पर्यटकों के लिए खोला गया है। जनवरी से दूसरे चरण का निर्माण शुरू करने की योजना है। इसमें रामायण के उन प्रसंगों और दृश्यों को शामिल किया जाएगा, जो पहले चरण में प्रदर्शित नहीं हो सके हैं। उनका लक्ष्य अगले एक वर्ष में म्यूजियम को पूर्ण और भव्य स्वरूप देना है। उन्होंने कहा कि परियोजना पर काफी निवेश किया गया है और प्रयास है कि यहां आने वाले हर उम्र के पर्यटकों को रामायण की कथा के साथ कला और तकनीक का अनूठा अनुभव मिल सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version