Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या प्रसव के दौरान मां-बच्चे की मौत मामले में नेता प्रतिपक्ष ने परिजनों...

प्रसव के दौरान मां-बच्चे की मौत मामले में नेता प्रतिपक्ष ने परिजनों से की मुलाकात

0

 बल्लाहाता के मां परमेश्वरी देवी मेमोरियल हास्पिटल में 31 मार्च को प्रसव के दौरान हुई थी मौत


अयोध्या। नगर के बेनीगंज महताब बाग निवासी सुरेश यादव की पत्नी सोनी यादव और नवजात शिशु की प्रसव के दौरान हुई मौत के मामले में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। नेता प्रतिपक्ष ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अस्पताल संचालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि जनपद में हुई यह घटना अत्यंत दुखद है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर तत्काल कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रदेशभर में बिना मानक और आवश्यक डिग्री के संचालित हो रहे अस्पतालों व चिकित्सकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने की आवश्यकता जताई।

माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो वह इस मुद्दे को सदन में भी उठाएंगे, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने आश्वस्त किया कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ हर कदम पर खड़ी है। मौके पर पूर्व मेयर प्रत्याशी डॉ. आशीष पाण्डेय “दीपू”, दिनेश यादव, बृजेश यादव, मनीष राय, शोएब खान, अभिनव चतुर्वेदी, अवनीश मिश्रा, बलवंत यादव और अभिषेक यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version