Wednesday, August 19, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरठेला लगाने के विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे गुमटी संचालक की पिटाई

ठेला लगाने के विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे गुमटी संचालक की पिटाई


जलालपुर, अंबेडकर नगर। शिवाजी तिराहे पर ठेला लगाने को लेकर हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे गुमटी संचालक की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई। मारपीट में सिर में डंडा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर से खून बहने पर घायल ने जलालपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। वाजिदपुर निवासी यार मोहम्मद शिवाजी तिराहे पर पान की गुमटी चलाता है। उसकी गुमटी के बगल में चंदन नामक व्यक्ति चाट का ठेला लगाता है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे चंदन के ठेले के पास एक अन्य व्यक्ति द्वारा चाट का ठेला लगाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

विवाद बढ़ता देख यार मोहम्मद मामला शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। इसी दौरान उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सिर से खून बहने लगा।

मारपीट के बाद यार मोहम्मद घायल अवस्था में जलालपुर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी। पीड़ित का आरोप है कि गंभीर चोट लगने के बावजूद उसका तत्काल मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया और उसे वापस भेज दिया गया। कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments