◆ शिक्षक दीपक की भांति स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाशित करते हैं : सुरेश यादव
अयोध्या। दर्शननगर क्षेत्र स्थित केसरी नंदन विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें समाजसेवी सुरेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। मुख्य अतिथि सुरेश यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक दीपक के समान होता है, जो स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाशित करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा समय और परिस्थितियों के अनुरूप होनी चाहिए और छात्रों को रोजगारपरक शिक्षा देकर आत्मनिर्भर बनाना आज की आवश्यकता है।
विद्यालय संस्थापक ध्रुव यादव ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य विशिष्टजनों ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गायन, वादन और नृत्य प्रस्तुत किए, जिन्हें सभी ने सराहा। साथ ही प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रोफेसर शैलेन्द्र कुमार, अरविंद यादव, अशोक तिवारी, राम कृपाल यादव, मुकेश तिवारी, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, आलोक श्रीवास्तव सहित सभी अध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।
अंत में विद्यालय प्रबंधक ध्रुव यादव ने आए हुए सभी अतिथियों और गणमान्यजनों का आभार व्यक्त किया।