Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान और धरती दोनों को रखें स्वस्थ : श्याम...

प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान और धरती दोनों को रखें स्वस्थ : श्याम बिहारी गुप्ता

0

अयोध्या। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के सभागार में प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं त्वरित मक्का विकास योजना के अंतर्गत किसान गोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।



मुख्य अतिथि श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक खेती से किसान स्वयं और धरती दोनों को स्वस्थ रख सकते हैं। उन्होंने गोसंरक्षण को प्राकृतिक खेती की आधारशिला बताते हुए गोबर एवं गोमूत्र के उपयोग से जीवामृत, घनजीवामृत तथा अन्य प्राकृतिक उत्पाद तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने किसानों से बायोगैस संयंत्र स्थापित करने का आह्वान करते हुए बताया कि सरकार इसके लिए अनुदान भी उपलब्ध करा रही है।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिसर में प्राकृतिक खेती का मॉडल विकसित किया गया है, जहां जीवामृत, घनजीवामृत, दशपर्णी सहित अन्य प्राकृतिक उत्पादों का लाइव प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों से संपर्क कर आधुनिक तकनीकों का लाभ उठाने की अपील की।

मिल्कीपुर विधायक चन्द्रभानु पासवान ने किसानों से वैज्ञानिकों द्वारा सुझाई गई प्राकृतिक खेती की विधियों को अपनाने का आग्रह किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि हमारे पूर्वज प्राकृतिक खेती करते थे और स्वस्थ समाज एवं समृद्ध कृषि के लिए इस परंपरा को पुनर्जीवित करना समय की आवश्यकता है।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि केन्द्र सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर किसानों की लागत कम करने और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

 राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख लोक भारती एवं कृषि समृद्धि आयोग के सदस्य कृष्णा चौधरी ने भी प्राकृतिक खेती के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. एस.पी. सिंह ने प्राकृतिक खेती के सिद्धांत एवं तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी, जबकि डॉ. कामिनी सिंह, बृजेश सिंह (हाथरस) और राकेश दूबे (अयोध्या) सहित प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, गन्ना, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद के 23 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में, भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री हरीश श्रीवास्तव, विशाल सिंह बाबा, भूपेन्द्र सिंह बल्ले, ब्लाक प्रमुख दिनेश वर्मा, पवन सिंह, कार्यक्रम संयोजक शिवम‌् सिंह, अरविन्द सिंह, सुशील मिश्रा, चन्द्र बली सिंह, अमरेन्द्र मौर्या संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. अनिल कुमार यादव, उप कृषि निदेशक डॉ. पी.के. कनौजिया, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सौरभ वर्मा, निदेशक प्रसार डॉ. आर.बी. सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बी.पी. शाही सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, वैज्ञानिक एवं किसान उपस्थित रहे। अंत में उप कृषि निदेशक डॉ. पी.के. कनौजिया ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version