अंबेडकर नगर। जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी ने गुरुवार को पांच औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निवेशकों से संवाद कर उत्पादन, रोजगार सृजन, इकाइयों के संचालन और निवेश की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण में शंकर फूड प्रोडक्ट, श्री बालाजी इंडस्ट्रीज, अन्नया मशरूम, आर्यांश एग्रो सॉल्वेक्स प्राइवेट लिमिटेड और गैले फूड्स की इकाइयां क्रियाशील मिलीं। इन परियोजनाओं में कुल 89.05 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जबकि 202 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान उद्यमियों ने इकाइयों के संचालन और विस्तार से जुड़ी जानकारी दी। विद्युत, अग्निशमन, प्रदूषण, पीईएसओ और अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए गए प्रयासों की भी समीक्षा की गई। कई मामलों में संबंधित विभागों से समन्वय कर समस्याओं का निराकरण कराया गया है। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने औद्योगिक गतिविधियों को गति देने और निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उद्यमी मित्र अखिलेश पटेल सहित संबंधित उद्यमी मौजूद रहे।