अंबेडकर नगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को पहुंचकर पार्टी के जिला कार्यालय अटल भवन में संगठनात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने पांचों विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठक कर संगठन की वर्तमान स्थिति, बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। इसके अलावा जिला पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया।
जनपद की सीमा पर प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह और भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी का जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद अटल भवन में आयोजित बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी और जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण से निरंतर मजबूत हुआ है। संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक सक्रियता बनाए रखना, मतदाता सूची के प्रति सजग रहना और नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने विधानसभा प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों को नियमित बैठकें करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही पार्टी की नीतियों, विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप जिले में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और व्यवस्थित बनाने का कार्य किया जा रहा है। आगामी चुनाव की तैयारियों के लिए सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी। बैठकों में जिला प्रभारी अवधेश श्रीवास्तव, विधायक धर्मराज निषाद, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, श्याम सुंदर वर्मा जिला मीडिया प्रभारी वाल्मीकि उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।