◆ सामान फेंका, जान से मारने की धमकी देकर फरार हुए आरोपी
जलालपुर, अम्बेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के बड़ागांव भरौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी रेनू पत्नी अरुण कुमार विश्वकर्मा ने कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे गांव के ही पट्टीदार राम सिंह, संगीता, अंश, अनुश्का, रोहित तथा इन्द्रावती उनके घर पहुंचे और उनके देवर संदीप पुत्र स्वर्गीय रामसिंगार की पिटाई करने लगे।
रेनू के अनुसार शोर सुनकर जब वह अपने देवर को बचाने के लिए बाहर निकलीं तो आरोपी घर के अंदर घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि विपक्षियों ने घर का सामान भी बाहर फेंक दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मारपीट में संदीप को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, परिवार की सुरक्षा तथा घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराने की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध घर में घुसकर मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।