Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर दहेज उत्पीड़न के बाद पति ने की दूसरी शादी, केस दर्ज

दहेज उत्पीड़न के बाद पति ने की दूसरी शादी, केस दर्ज

0
ayodhya samachar

जलालपुर अम्बेडकरनगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मामला तूल पकड़ गया है। विवाहिता को प्रताड़ित करने के बाद पति द्वारा दूसरी शादी करने का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम दौलताबाद निवासी अर्चना यादव की शादी वर्ष 2007 में मातिवर उर्फ गुड्डू पुत्र श्रीराम के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के समय नगद धनराशि, मोटरसाइकिल व अन्य घरेलू सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष कम दहेज लाने का आरोप लगाकर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। संतान न होने को लेकर भी ताने दिए जाते थे।
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि प्रताड़ना से परेशान होकर अर्चना मायके आकर रहने लगी। इसी बीच उसके पति ने मार्च 2025 में जयराम की पुत्री शिम्पा से दूसरी शादी कर ली। नवंबर 2025 में ससुराल पक्ष ने दूसरी शादी की जानकारी देते हुए अर्चना को साथ रखने से इन्कार कर दिया।
मामले में थाना जैतपुर पुलिस ने पति मातिवर उर्फ गुड्डू, सास मुन्नी देवी, ससुर श्रीराम, सीताराम समेत अन्य नामजद आरोपितों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, क्रूरता और एक पत्नी के रहते दूसरी शादी करने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक थीरेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है और साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version