Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या अयोध्या के विकास के नाम पर किया गया भारी भ्रष्टाचार – प्रदेश...

अयोध्या के विकास के नाम पर किया गया भारी भ्रष्टाचार – प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस

0

◆ जेल में निरूद्ध कांग्रेस जिलाध्यक्ष से मुलाकात करने पहुंचे थे अयोध्या


अयोध्या। अयोध्या में विकास के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया गया। मंदिर निर्माण के पूर्व कौड़ियों के दाम में खरीदी गई जमीन रातों-रात करोड़ों में बेच दी गई। पहले ही बरसात में अयोध्या के विकास की कलई खुल गई। अयोध्या में ज्यादातर काम और प्रमुख व्यापारिक स्थल गुजराती कंपनियों को दे दिए गए। उक्त बातें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जिला कारागार गेट पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही। वे जिला कारागार में निरुद्ध कांग्रेस जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करने अयोध्या आए थे।

उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जिला प्रशासन ने दमनात्मक कार्यवाही की है जिसकी हम निंदा करते है। उन्होंने कहा कि अयोध्या नगर निगम द्वारा बिना टेंडर आउटसोर्सिंग के गुजरात से जुड़ी एक कंपनी को पिछले तीन सालों से करोड़ों का अवैध भुगतान किया जा रहा है। कंपनी का नाम एबी इंटर प्राइजेज है और कागजों में इसका पता मेहसाणा गुजरात है। पिछले तीन सालों से बिना टेंडर के इस कम्पनी को हजारों कर्मचारियों की आउटसोर्सिंग के लिए लगातार विस्तार दिया जा रहा है। 2020-2021 में इसका पहली और अंतिम बार टेंडर हुआ था, तब से कोई टेंडर न देकर इसको विस्तार पर विस्तार देकर पैसे डकार लिए गए। यूपी सरकार का शासनादेश है कि एक वर्ष से अधिक किसी भी सूरत में बिना टेंडर भुगतान हो ही नहीं सकता। लेकिन, अयोध्या नगर निगम में बड़ा गोलमाल आज भी जारी है। प्रभु राम की नगरी में यह धोखाधड़ी का खेल कब तक चलेगा? लोकसभा चुनाव में अपनी करनी का परिणाम भुगतने के बाद भी भाजपा वालों को सद्बुद्धि नहीं आ रही है। जल्दी ही जनता इन लोगों का प्रदेश से सुपड़ा साफ करने की तैयारी में है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गोंडा ट्रेन हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कहा देश में ट्रेन हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।  गोंडा के समीप डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रेल मंत्री को इन घटनाओं से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ रहा है। वे सत्ता सुख लेने में मशगूल हैं। अगर विभाग नहीं सम्भल रहा तो छोड़ के हट जाएं। जनता की जान से खिलवाड़ क्यों कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि योगी सरकार द्वारा शिक्षकों के डिजिटल अटेंडेंस पर रोक लगाना और लखनऊ के इंद्रप्रस्थ नगर, पंतनगर, खुर्रम नगर, अबरार नगर, शिवानी बिहार में बुलडोजर कार्रवाई को स्थगित करने का निर्णय यूपी में होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा की सोची-समझी चाल है। देश के अन्य राज्यों में सम्पन्न हुए उपचुनावों तथा लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिली हार से डरी भाजपा उत्तर प्रदेश के साथ एक बार फिर छल करने की तैयारी में है।

उन्होंने कावड़ यात्रा के दौरान दुकानदारों को और ठेले , खोमचे वालों को अपने दुकान के आगे अपना नाम लिखना आवश्यक किया गया है। उन्होंने इस तरह की कार्यवाही को अलोकतांत्रिक और विघटनकारी बताया। इसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पूर्व सांसद डा. निर्मल खत्री के घर उनसे मुलाकात करने पहुंचे।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, प्रदेश महासचिव मनोज कुमार गौतम,महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल, पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम, बृजेश रावत, चेतनारायण सिंह , अनिल सिंह,रामेंद्र त्रिपाठी,पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा, जनार्दन सिंह, फ्लावर नकवी,  आदि उपस्थित रहे।

सोहावल टोल प्लाजा पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का जिला अध्यक्ष कांग्रेस अखिलेश यादवके छोटे भाई दिनेश यादव के नेतृत्व में रोहित यादव, राजन यादव, राकेश यादव सहित सैंकड़ों लोगों ने फूल मालाओं के साथ स्वागत किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version