आलापुर अंबेडकर नगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के देवरिया बाजार में अस्पताल संचालक से मारपीट, लूट और जातिसूचक गाली देने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने डकैती, मारपीट, धमकी और एससी-एसटी समेत आठ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी आलापुर को सौंपी है।
मालीपुर थाना क्षेत्र के बेलऊना बरियारपुर निवासी सिद्धान्त कुमार ने राजेसुल्तानपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि एक अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे अंकित पांडेय ने फोन कर उसे तेंदुआई चौराहे पर बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपित ने उसे अपनी कार में बैठा लिया और उसकी कार दूसरे व्यक्ति राजा सिंह को दे दी।
आरोप है कि इसके बाद अंकित पांडेय उसे अपने घर ले गया, जहां उसे बंधक बनाकर निर्वस्त्र किया गया और बेल्ट से मारपीट की गई। पीड़ित ने जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप लगाया है। इसके साथ ही उसका मोबाइल फोन जबरन छीनने तथा कार में रखे करीब 50 हजार रुपये और उसकी कार ले जाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अंकित पांडेय और राजा सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी आलापुर को सौंपी गई है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।