◆ जिले की सीमा से सरयू पुल तक दर्जनों स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन
अयोध्या। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व मिलने के बाद पहली बार अयोध्या पहुंचे हरीश द्विवेदी का जिले की सीमा रानीमऊ से लेकर सरयू पुल तक जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। शंख की गूंज, घंटा-घड़ियाल की ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला। स्वागत स्थलों पर बने भगवा मंचो खूब सजाया गया था। सभी स्वागत स्थल पर बुलडोजर से पुष्प वर्षा का कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि अयोध्या से उनका आत्मीय और भावनात्मक जुड़ाव है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी उन्हें दी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। कार्यकर्ताओं का उत्साह और स्नेह नई ऊर्जा देने वाला है। भाजपा संगठन को और मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों और पीएम नरेन्द्र मोदी एवं सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे जनकल्याणकारी कार्यों को जन–जन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम किया जाएगा।
