Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या नवरात्र के सांस्कृतिक कार्यक्रम से सात वर्षीय बच्ची को ले जाने का...

नवरात्र के सांस्कृतिक कार्यक्रम से सात वर्षीय बच्ची को ले जाने का प्रयास, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा

0
ayodhya samachar


◆ बाइक बंद होने और बालिका के शोर मचाने पर खुला मामला, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा


तारुन– अयोध्या। तारुन थाना क्षेत्र के एक गांव में नवरात्र के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सात वर्षीय बालिका को बाइक पर बैठाकर ले जा रहे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि कुछ दूर जाने के बाद बाइक बंद हो गई। इसी बीच बालिका के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे युवक के चंगुल से छुड़ा लिया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बालिका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, गांव के बाहर स्थित काली चौरा परिसर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर ग्रामीणों के सहयोग से बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। शनिवार देर रात करीब 10 बजे गांव की सात वर्षीय बालिका अपने बड़े भाई के साथ कार्यक्रम देखने पहुंची थी। उसका घर कार्यक्रम स्थल के नजदीक बताया जा रहा है।

इसी दौरान पूराकलंदर थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी युवक बाइक लेकर वहां पहुंचा और बालिका को अपने साथ बैठाकर ले जाने लगा। कुछ दूरी पर पहुंचते ही बाइक बंद हो गई। इसी बीच बालिका ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर जुटे ग्रामीणों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए बालिका को सुरक्षित छुड़ाया और युवक को पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। मामले की पुष्टि करते हुए तारुन थाना प्रभारी लालचंद सरोज ने बताया कि बालिका के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version