Tuesday, March 10, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरमहिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जीरो पॉवर्टी पर राज्यपाल का विशेष जोर

महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जीरो पॉवर्टी पर राज्यपाल का विशेष जोर

अंबेडकरनगर। विकासखंड जहांगीरगंज में सोमवार को महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का भव्य स्वागत हुआ। आगमन पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने एकल पुष्प भेंट कर उनका अभिनंदन किया। महामहिम ने सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ किया। इस दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद की विकास उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जिला लगातार छह माह से मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में प्रथम स्थान पर है, साथ ही राष्ट्रीय आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और ई-ऑफिस प्रणाली में भी जनपद ने उल्लेखनीय कार्य किया है।


लाभार्थियों को किया सम्मानित


कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को प्री-स्कूल किट, पोषण पोटली, आयुष्मान कार्ड, घरौनी प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना की चाबी, किसान सम्मान निधि के स्वीकृति पत्र, अंत्योदय राशन कार्ड और सौर ऊर्जा योजना के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कर्ष कार्य करने वाले कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य पर जोर


अपने संबोधन में राज्यपाल महोदया ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के समग्र विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने 200 आंगनबाड़ी केंद्रों पर किट उपलब्ध कराने की घोषणा की और जिलाधिकारी को इसे 15 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने टी.बी. उन्मूलन अभियान पर बल देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के लक्ष्य के अनुरूप साल 2025 तक भारत को टी.बी. मुक्त बनाना है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से टी.बी. रोगियों को गोद लेने और पोषण पोटली उपलब्ध कराने की अपील की।


नारी सशक्तिकरण और पर्यावरण का संदेश


राज्यपाल महोदया ने कहा कि महिला अब स्वतंत्र और आत्मनिर्भर हो चुकी है। उन्होंने स्वामित्व योजना में पति और पत्नी दोनों को बराबर अधिकार दिए जाने की आवश्यकता बताई। साथ ही मुख्यमंत्री सूर्य घर योजना और जीरो पॉवर्टी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इन योजनाओं से समाज को गरीबी से बाहर निकालने और सतत विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर बच्चों ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण और नारी सशक्तिकरण विषय पर अपने विचार रखे, जिसकी राज्यपाल महोदया ने सराहना की।


स्मृति चिन्ह भेंट


कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने राज्यपाल महोदया को एक जनपद एक उत्पाद से निर्मित स्मृति चित्र और स्वयं सहायता समूह की वस्तुएं भेंट कीं। राज्यपाल महोदया ने भी राजभवन से लाई पुस्तकें जिलाधिकारी को भेंट कीं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी समेत अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments