बसखारी, अम्बेडकर नगर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाने की गांव से लेकर नगर तक धूम रही। अंबेडकर जयंती के अवसर पर जहां सरकारी और सरकारी विद्यालयों कार्यालय में अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए उनके जीवन पर प्रकाश डाला गया वहीं गांव और नगरों में स्थित अंबेडकर पार्कों में अंबेडकर व बुद्ध की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर शोभायात्रा भी निकल गई। विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं एवं बाबा साहब के अनुयायियों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर भगवान बुद्ध व बाबा साहब के चित्र एवं प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। क्षेत्र के शुकुल बाजार, भिदुण ,मसड़ा मोहन पुर, हंसवर, हीरापुर,परडिया फौलाद पुर सहित कई स्थानों पर डीजे की धुन पर बजने वाले अंबेडकरवादी गीतों के धुन पर थिरकते हुए लोगो ने शोभा यात्रा निकली। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने बताया कि केंद्र व प्रदेश भाजपा सरकार के द्वारा बाबा साहब के सम्मान में पंचतीर्थ का निर्माण कराया गया है। उन स्थानों पर आज विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार बाबा साहब के सपनों को साकार करते हुए समतामूलक समाज की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है।