◆ आस्था, रोमांच और हिमालय की गोद का अलौकिक अनुभव
शांतिकुंज परिसर से निकलकर कुछ ही देर में हमारा काफिला हरिद्वार नगर की सीमा पार कर शिवालिक पर्वतमाला की ओर बढ़ चला। रास्ते में विकासजी ने मां चंडी देवी मंदिर के इतिहास और महिमा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि यह मंदिर शिवालिक पर्वतमाला के पूर्वी भाग में स्थित नील पर्वत पर अवस्थित है। समुद्र तल से इसकी ऊंचाई लगभग 950 से 1000 मीटर (करीब 3,100–3,300 फीट) मानी जाती है। अनेक लोग इसे लगभग पाँच हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित मानते हैं। ऊंचाई चाहे जितनी हो लेकिन हिमालय पर्वत की चोटी पर स्थित यह मंदिर श्रद्धा, विश्वास और प्रकृति के सौंदर्य का अद्भुत संगम है।
