◆ दो पंखे, डिलीवरी पाइप और ई-रिक्शा बरामद, कबाड़ की दुकान पर बेचने जा रहे थे आरोपी
जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना पुलिस ने चोरी के ट्यूबवेल का सामान बेचने जा रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो ट्यूबवेल पंखे, एक डिलीवरी पाइप तथा घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस ने ई-रिक्शा को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थानाध्यक्ष शशांक कुमार शुक्ला के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जय प्रकाश केशरी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मालीपुर में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित ट्यूबवेल का सामान ई-रिक्शा से सुल्तानपुर जनपद के अखण्डनगर स्थित एक कबाड़ की दुकान पर बेचने ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस ने खानपुर उमरन-ताहापुर चकरोड पर घेराबंदी कर ई-रिक्शा संख्या यूपी-45 एटी-8170 को रोक लिया। तलाशी के दौरान उसमें से ट्यूबवेल के दो पंखे और एक डिलीवरी पाइप बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) बढ़ाई गई तथा प्रयुक्त ई-रिक्शा को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत ऑनलाइन सीज कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महातमसिंह, पवनकुमार, शिवनारायणयादवउर्फमोनू (तीनों निवासी खानपुर उमरन, थाना मालीपुर) तथा आशीषगुप्ता निवासी बरामदपुर, थाना अखण्डनगर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जय प्रकाश केशरी, उपनिरीक्षक विजय राम, हेड कांस्टेबल करूणाशंकर मिश्र, कांस्टेबल प्रभात अग्रहरि, सत्यम कुमार और शैलेन्द्र सिंह शामिल रहे।