अयोध्या। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में बढ़ी पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए आसपास के पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप मखौड़ा, भरतकुंड, श्रवण क्षेत्र, श्रृंगी ऋषि आश्रम और दशरथ समाधि स्थल समेत पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और विकास कार्य कराया जा रहा है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से इन परिसरों में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के तत्वावधान में पर्यटन विभाग से वित्त पोषित इस परियोजना के तहत यात्री हॉल, शौचालय, पेयजल, स्टोन बेंच, दिशासूचक, प्रकाश व्यवस्था, इंटरलॉकिंग और पूर्व निर्मित घाट की मरम्मत समेत कई कार्य प्रस्तावित हैं। परियोजना का कार्य जून 2025 में शुरू हुआ था और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड है।
परियोजना के तहत करीब 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में घाट की सीढ़ियों पर पत्थर लगाने का काम चल रहा है, जबकि यात्री हॉल की छत तक ढलाई का कार्य पूरा हो चुका है। अन्य निर्माण कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।
स्टोनबेंचऔरप्रकाशव्यवस्थाकीभीहोगीसुविधा
श्रवण क्षेत्र और श्रृंगी ऋषि आश्रम में यात्री शेड, पेयजल समेत अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। दशरथ समाधि स्थल पर घाट की मरम्मत और इंटरलॉकिंग का कार्य प्रस्तावित है। सभी प्रमुख स्थलों पर दिशासूचक, स्टोन बेंच और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन, बैठने और अन्य सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रकाश व्यवस्था से रात के समय भी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और सुविधा बेहतर होगी।
आसपासकेधार्मिकस्थलोंकेविकाससेबढ़ेगाठहराव
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है। ऐसे में आसपास के पौराणिक स्थलों का विकास होने से पर्यटकों को इन स्थानों तक पहुंचने और क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन आधारित गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। परियोजना के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है।
धार्मिकपर्यटनकोमिलेगीनईगति: जयेंद्रकुमार
श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप अयोध्या के इन पावन स्थलों का विकास धार्मिक पर्यटन को नई गति देगा। मखौड़ा से दशरथ समाधि तक के क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। यात्री हॉल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश और बैठने जैसी बुनियादी सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड के सहयोग से कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जा रहा है।
कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि इन धार्मिक स्थलों के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिल सकती है। उन्होंने बताया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने के लिए निर्माण कार्य लगातार जारी है।