अयोध्या। फैजाबाद बार एसोसिएशन अयोध्या के वर्ष 2025-26 के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कार्यकारिणी ‘सी’ पद के प्रत्याशी अधिवक्ता रुद्र प्रकाश मिश्रा ने अधिवक्ताओं से जनसंपर्क किया और नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।
जनसंपर्क के दौरान रुद्र प्रकाश मिश्रा ने अधिवक्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि यदि उन्हें कार्यकारिणी ‘सी’ पद की जिम्मेदारी सौंपी जाती है तो वे अधिवक्ता हितों को सर्वोपरि रखकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए वे हर समय उपलब्ध रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर किसी भी समय सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन एक परिवार की तरह है, जहां वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभव और जूनियर अधिवक्ताओं की ऊर्जा से संगठन आगे बढ़ता है। इसी भावना के साथ वे वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और छोटे अधिवक्ताओं के सहयोग से कार्य करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकारिणी ‘सी’ का दायित्व भले ही छोटा प्रतीत होता हो, लेकिन इसके माध्यम से अधिवक्ताओं की आवाज को मजबूती से उठाया जा सकता है। जनसंपर्क के दौरान कई अधिवक्ताओं ने बार से जुड़ी समस्याओं, सुविधाओं और अपेक्षाओं को साझा किया, जिस पर प्रत्याशी ने गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।