अयोध्या। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) का 55वां वार्षिक जनपदीय सम्मेलन आदर्श इंटर कॉलेज, धारा रोड में भव्यता के साथ आयोजित हुआ। सम्मेलन में शिक्षकों की एकजुटता, संगठन की मजबूती, शिक्षा की गुणवत्ता और नई नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुभाष चंद्रा, अध्यक्ष बार काउंसिल लखनऊ हाई कोर्ट रहे। मुख्य वक्ता श्रीकृष्ण, विभाग प्रचारक अवध प्रांत तथा विशिष्ट अतिथि रजनीश, नगर प्रचारक अवध प्रांत, योगेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल और अनुपम कुमार, लेखाधिकारी (माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन संरक्षक तिलकधारी सिंह ने की। उद्घाटन मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि राष्ट्र निर्माता शिक्षकों की उदासीनता के कारण संघर्षों से प्राप्त पूर्व उपलब्धियां क्षीण हो रही हैं, इसलिए शिक्षकों को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना चाहिए। मुख्य वक्ता ने शिक्षक समाज को संस्कार, राष्ट्रभाव और संगठनात्मक शक्ति के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और नवाचार पर प्रकाश डालते हुए नई शिक्षा नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया, जबकि नगर प्रचारक ने शिक्षक समाज की एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की बात कही।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान, अधिकार और सुरक्षा संगठन की मजबूती से ही संभव है। संयोजक सर्वेंद्र विक्रम सिंह ने शिक्षकों से व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर सामूहिक हितों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। सहसंयोजक अनिल कुमार मिश्र ने उपस्थित प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के प्रति आभार जताते हुए शिक्षक एकता को संगठन की पहचान बताया।
अंत में अध्यक्षता कर रहे तिलकधारी सिंह ने शिक्षक जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए “संगठित रहिए और संकल्पित रहिए” का संदेश दिया और कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
सम्मेलन के दौरान शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अवनींद्र कुमार (प्रधानाचार्य, श्रृंगी ऋषि इंटर कॉलेज), गुलबहार निषाद (प्रधानाचार्य, जनता इंटर कॉलेज, जयसिंह मऊ), दान बहादुर सिंह (प्रवक्ता, मनोहर लाल इंटर कॉलेज), सुषमा मिश्रा (सहायक अध्यापिका, आर्य कन्या इंटर कॉलेज), वीरेंद्र प्रताप सिंह (सहायक अध्यापक, श्री निर्भय सिंह इंटर कॉलेज, रामपुर), सरदा पीरबख्श (प्रवक्ता, श्री राम बल्लभा इंटर कॉलेज, ड्योढ़ी), अजय कुमार सिंह (सहायक अध्यापक, चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज, ननसा), उदय कुमार पांडेय (सहायक अध्यापक, देव विद्यालय इंटर कॉलेज, तरौली) तथा राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा (सहायक अध्यापक, श्रृंगी ऋषि इंटर कॉलेज) को सम्मानित किया गया।