Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर आंधी से बचने पेड़ के नीचे खड़े हुए बुजुर्ग पर गिरी डाल,...

आंधी से बचने पेड़ के नीचे खड़े हुए बुजुर्ग पर गिरी डाल, मौत

0

आलापुर अंबेडकर नगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के अकथरा नरायनपुर गांव में बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने 70 वर्षीय बुजुर्ग की जान ले ली। बकरी चराते समय आंधी-पानी से बचने के लिए पेड़ के नीचे पहुंचे बुजुर्ग के ऊपर अचानक पेड़ की मोटी डाल टूटकर गिर गई। हादसे में करीब 20 बकरियां भी दब गईं, जिनमें तीन की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

अकथरा नरायनपुर निवासी रामकिशोर कन्नौजिया पुत्र फुल्लन बुधवार शाम बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह बाग में एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच पेड़ की भारी डाल अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गई। डाल के नीचे करीब 20 बकरियां भी दब गईं।

हादसे की जानकारी होते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा पेड़ के नीचे दबे रामकिशोर को बाहर निकाला। उन्हें उपचार के लिए अतरौलिया अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में तीन बकरियों की भी मौत हो गई।

पुलिस ने अगले दिन शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद देर रात शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार सुबह रामबाग घाट पर मृतक का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।

रामकिशोर की मौत से पत्नी बदामा देवी समेत बेटे दीपचंद, धूपचंद, हरिश्चंद, दीपक, राज, श्यामसुंदर और भाई रामफेर कन्नौजिया का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने कहा कि आंधी-पानी शुरू होने पर उनके साथ बकरी चरा रहे बच्चे घर की ओर भाग गए थे। रामकिशोर भी यदि समय रहते बाग से घर लौट आते तो शायद उनकी जान बच जाती।

हादसे की सूचना पर ग्राम प्रधान संतप्रसाद, पूर्व प्रधान जयंत निषाद, रामनगर पूर्वी से भीम आर्मी की घोषित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी विनीता निषाद, बलराम निषाद, जयप्रकाश मौर्य समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version