अयोध्या। जनपद में बढ़ती कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी करते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों को 30 दिसंबर तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं सभी बोर्ड से संचालित विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
हालांकि, इस अवकाश का लाभ केवल विद्यार्थियों को मिलेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें सरकार द्वारा संचालित शैक्षिक एवं प्रशासनिक योजनाओं के तहत निर्धारित कार्यों का निष्पादन करना होगा।
प्रशासन का कहना है कि अत्यधिक ठंड के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मौसम की स्थिति में सुधार या और अधिक गिरावट आने की स्थिति में आगे के निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।