जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के उसमापुर स्थित जीजीआईसी विद्यालय में प्रधानाचार्या के कथित सख्त रवैये को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। ड्रेस न पहनकर विद्यालय पहुंची इंटरमीडिएट की एक छात्रा की पिटाई और उसकी मां से अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार उसमापुर निवासी अंचल मौर्या (कक्षा 12) शुक्रवार सुबह बिना निर्धारित ड्रेस के विद्यालय पहुंची थी। आरोप है कि प्रधानाचार्या आशा वर्मा ने ड्रेस न पहनने का कारण पूछने पर छात्रा को डांटते हुए उसकी पिटाई कर दी। छात्रा का कहना है कि उसने ड्रेस गंदी होने की बात बताई थी। साथ ही यह भी कहा कि अन्य छात्राएं भी बिना ड्रेस के आई हैं, जिस पर प्रधानाचार्या नाराज हो गईं।
पीड़िता के अनुसार प्रधानाचार्या ने उसे मारते हुए विद्यालय से बाहर कर दिया। घर पहुंचकर छात्रा ने पूरी घटना अपनी मां सुषमा मौर्य को बताई। इसके बाद मां विद्यालय पहुंची और प्रधानाचार्या से शिकायत की, लेकिन वहां भी विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि प्रधानाचार्या ने छात्रा की मां के साथ अभद्रता की, हाथापाई की और उनका मोबाइल छीन लिया। साथ ही धक्का देकर बाहर निकालते हुए छात्रा का नाम काटने की धमकी भी दी गई।
घटना से आहत परिजन ने जलालपुर कोतवाली में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। विद्यालय में प्रधानाचार्या के व्यवहार को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन अभिभावक डर के कारण खुलकर सामने नहीं आ पाते। इधर, मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अभिभावकों ने विद्यालय के माहौल को सुधारने की मांग की है। कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।