अयोध्या। मधुमेह चिकित्सा, उपचार एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अयोध्या के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र वर्मा को प्रतिष्ठित RSSDI Fellowship 2026 से सम्मानित किया जाएगा। रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया (RSSDI) ने फेलोशिप के लिए उनके चयन की घोषणा की है।
मधुमेह के क्षेत्र में देश के प्रमुख राष्ट्रीय सम्मानों में शुमार इस फेलोशिप को डॉ. वर्मा के चिकित्सकीय कार्य और शोध के प्रति लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह उनके चिकित्सा करियर की छठी फेलोशिप है। फेलोशिप प्रदान करने का औपचारिक कार्यक्रम 19 से 22 नवंबर 2026 तक बेंगलुरु के अल्डोविया रिसॉर्ट एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले 54वें वार्षिक राष्ट्रीय RSSDI सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में होगा।
डॉ. वीरेंद्र वर्मा के चयन पर RSSDI के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुज माहेश्वरी, निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. सुनील गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष डॉ. विजय विश्वनाथन और महासचिव डॉ. राकेश पारिख ने उन्हें बधाई दी है। डॉ. वर्मा की इस उपलब्धि से अयोध्या के चिकित्सा क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। उनके सम्मान को मधुमेह चिकित्सा एवं शोध के क्षेत्र में अयोध्या की बढ़ती पहचान के रूप में देखा जा रहा है।