Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रुदौली तहसील व विकास खंड का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, अनियमितता पर...

रुदौली तहसील व विकास खंड का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, अनियमितता पर पेशकार निलंबित

0

अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के साथ रुदौली तहसील परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों, रिकॉर्ड रूम, अभिलेखों, पत्रावलियों और रजिस्टरों की बारीकी से जांच की। तहसील परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और अधिवक्ताओं के बैठने की सुविधा सुनिश्चित कराने के निर्देश उपजिलाधिकारी संतोष कुमार को दिए गए। इस दौरान मंडलायुक्त ने एक बुजुर्ग महिला की समस्या सुनकर उसके तत्काल निस्तारण के निर्देश भी दिए।

तहसील न्यायिक की पत्रावलियों की जांच में अनियमितता मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित पेशकार राघवेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही और अभिलेखों के संधारण में गड़बड़ी किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी।

इसके बाद विकास खंड रुदौली का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्रों तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचाने तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

मंडलायुक्त ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित हैचरी केंद्र का भी अवलोकन किया और इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय पहल बताते हुए आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह, अपर आयुक्त अजयकांत सैनी, जिला विकास अधिकारी महेंद्र देव सिंह, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version