Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या जिलाधिकारी ने कोचिंग संस्थान का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के अनुपालन...

जिलाधिकारी ने कोचिंग संस्थान का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर दिया जोर

0

अयोध्या। जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सिविल लाइन स्थित आकाश कोचिंग इंस्टीट्यूट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडे तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान में स्थापित अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। उन्होंने फायर एक्सटिंग्यूशर, होज रील, फायर अलार्म पैनल, स्मोक डिटेक्टर, स्प्रिंकलर सिस्टम तथा आपातकालीन निकास द्वारों का भौतिक सत्यापन कर उनकी कार्यक्षमता का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी कोचिंग संस्थानों का टीम गठित कर व्यापक निरीक्षण कराया जाए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी संस्थान में छोटी-मोटी कमियां पाई जाती हैं तो उन्हें तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए जाएं, जबकि गंभीर अनियमितता अथवा सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शैक्षणिक संस्थान में सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कोचिंग संस्थानों को अग्नि सुरक्षा संबंधी निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version