Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या लखनऊ अग्निकांड के बाद अयोध्या में कोचिंग सेंटरों की सघन जांच शुरू

लखनऊ अग्निकांड के बाद अयोध्या में कोचिंग सेंटरों की सघन जांच शुरू

0

अयोध्या। लखनऊ में हुए अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत के बाद अयोध्या अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी एम.पी. सिंह के निर्देश पर शहर के कोचिंग सेंटरों में सघन जांच अभियान शुरू किया गया है।

अभियान के लिए अग्निशमन विभाग की दो टीमों का गठन किया गया है। एक टीम का नेतृत्व अग्निशमन अधिकारी एपीसी कर रहे हैं, जबकि दूसरी टीम स्टेशन अधीक्षक के नेतृत्व में विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर रही है। जांच अभियान शुरू होते ही कई कोचिंग सेंटर संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। कुछ संस्थान संचालकों ने अपने कोचिंग सेंटर बंद कर दिए, जबकि कुछ मौके से अनुपस्थित मिले।

अग्निशमन विभाग के अनुसार जनपद में वर्तमान में 36 कोचिंग सेंटर विभाग में पंजीकृत हैं। निर्धारित मानकों के अनुरूप फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच के बाद ही संस्थानों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किया जाता है।

जांच के दौरान टीम फायर फाइटिंग उपकरणों की उपलब्धता और कार्यक्षमता, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण कर रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार सभी कोचिंग सेंटरों की जांच पूरी होने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version