अयोध्या। कुत्ते को हट-हट कहने पर हुए विवाद में दो युवकों पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसका हाथ तोड़ने का आरोप लगा है। मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के हैदरगंज स्थित बारादरी का है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बारादरी हैदरगंज निवासी अजय सिंह के मुताबिक, वह रात में अपने घर के सामने टहल रहे थे। इसी दौरान दीपक और संदीप गुप्ता अपने कुत्ते को टहलाते हुए वहां पहुंचे। कुत्ता उनके करीब से भौंकते हुए निकला तो उन्होंने एहतियातन उसे हटाने के लिए आवाज लगाई। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर दोनों युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और आरोपी उन्हें मौके पर छोड़कर चले गए।
अजय सिंह का आरोप है कि मारपीट में उनके बाएं हाथ की हड्डी टूट गई है। उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दीपक और संदीप गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।