Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई...

पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई परिक्रमा

0

◆ देवउठनी एकादशी पर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजती रही रामनगरी, प्रशासन ने किए सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम


अयोध्या। देवउठनी एकादशी के अवसर पर रामनगरी अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से शुरू हुई परिक्रमा में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के अनुमान के मुताबिक करीब 50 लाख श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। जय श्रीराम के उद्घोष के साथ श्रद्धालु करीब 15 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ते रहे। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ दूसरे जिलों और प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग परिक्रमा करने पहुंचे। पूरे दिन रामनगरी का माहौल भक्तिमय बना रहा।

पंचकोसी परिक्रमा की परंपरा के अनुसार श्रद्धालु जिस स्थान से यात्रा शुरू करते हैं, उसी स्थान पर वापस पहुंचकर परिक्रमा पूरी करते हैं। पहले परिक्रमा मार्ग संकरी गलियों से होकर गुजरता था, जिससे श्रद्धालुओं को भीड़ और आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब चौड़ी सड़कों और फोरलेन मार्गों के माध्यम से परिक्रमा की व्यवस्था होने से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिल रही है। मार्ग पर जगह-जगह स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की ओर से सेवा शिविर लगाए गए। इनमें भोजन, प्रसाद, पेयजल, चिकित्सा सहायता और विश्राम की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।


राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में भी उमड़ी भीड़


पंचकोसी परिक्रमा के साथ राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में भी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रही। सुबह से ही दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु रामलला के दर्शन के बाद हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन कर रहे थे। परिक्रमा, मंदिरों में दर्शन और धार्मिक आयोजनों के चलते अयोध्या की सड़कों और प्रमुख मार्गों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही।


सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे अधिकारी


परिक्रमा और मेले को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार ने रातभर परिक्रमा मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर भी अपनी टीमों के साथ लगातार सक्रिय रहे। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से परिक्रमा मार्ग की निगरानी की गई। सीआरपीएफ, पीएसी और सिविल पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी। एडीजी ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से परिक्रमा करने की अपील की।


कमिश्नर, डीआईजी और नगर आयुक्त ने भी की परिक्रमा


कमिश्नर राजेश कुमार, डीआईजी रेंज सोमेन वर्मा और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने भी पंचकोसी परिक्रमा की। कमिश्नर ने करीब दो घंटे में परिक्रमा पूरी की। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, पेयजल, शौचालय और यातायात प्रबंधन के इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी तैनात रहीं।


संत–महंत और जनप्रतिनिधि भी सेवा में जुटे


परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए संत-महंत और जनप्रतिनिधि भी सक्रिय दिखाई दिए। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास सहित कई लोगों ने सेवा शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं की मदद की। विभिन्न संगठनों की ओर से भोजन, पानी और प्रसाद का वितरण किया गया। बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भागीदारी से परिक्रमा मार्ग पर आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।


पुरानी व्यवस्था की तुलना में अब अधिक सुविधा


स्थानीय निवासी राम प्रसाद मिश्र ने बताया कि वह कई वर्षों से पंचकोसी परिक्रमा कर रहे हैं। पहले संकरी गलियों में अधिक भीड़ के कारण काफी परेशानी होती थी। अब चौड़े मार्ग और पेयजल व प्रसाद की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि रामलला के दर्शन के साथ पंचकोसी परिक्रमा का अनुभव विशेष आनंद देने वाला है।


पहली बार परिवार के साथ पहुंचीं सुनीता


बस्ती से परिवार के साथ पहली बार पंचकोसी परिक्रमा करने पहुंचीं सुनीता देवी ने व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि रास्ते में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं। पेयजल और चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध है। पुलिसकर्मी भी श्रद्धालुओं की मदद कर रहे हैं। राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद परिक्रमा का अनुभव उनके लिए यादगार रहा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version