अयोध्या। दुर्गापूजा एवं दशहरा उत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी सभागार में जिला प्रशासन और केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों की व्यवस्था, बिजली, सफाई, सुरक्षा और यातायात समेत विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर विधायक वेदप्रकाशगुप्ता ने कहा कि उत्सव को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के साथ भव्य स्वरूप दिया जाए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, जल निगम और विद्युत विभाग के अधिकारियों से समय से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य समय से पूरे नहीं हुए तो इसकी जानकारी मुख्यमंत्री को देना उनकी मजबूरी होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को दुर्गापूजा समितियों को हर संभव सहयोग देना चाहिए। विद्युत व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि वह प्रयास करेंगे कि पूरे जनपद को उत्सव के दौरान बिजली कटौती से मुक्त रखा जाए।
जिलाधिकारी शशांकत्रिपाठी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से इस बार दुर्गापूजा और दशहरा उत्सव में पिछले वर्ष से बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। जिन विभागों के कार्य अभी लंबित हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा पंडालों और पूजा स्थलों पर सफाई के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। सभी पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएंगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने समितियों से शोभायात्राओं में डीजे की आवाज पर नियंत्रण रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा और दशहरा पूरे जनपद का प्रमुख उत्सव है। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने पूजा समितियों से पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने को कहा।
केंद्रीय समिति के जिला अध्यक्ष मनोजजायसवाल ने मांग की कि 10 से 26 अक्टूबर तक पूरे अयोध्या जनपद में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और कटौती मुक्त बिजली दी जाए। उन्होंने पूर्व की बैठकों में उठाई गई समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने तथा नगर में बाहरी और अवांछनीय तत्वों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
बैठक को केंद्रीय समिति के प्रमुख संरक्षक एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष विजयगुप्ता तथा रामलीला समितियों के प्रमुख प्रेमनाथराय ने भी संबोधित किया। ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
बैठक में केंद्रीय समिति संयोजक गगनजायसवाल, जेएन चतुर्वेदी, अतुल सिंह, आलोक शंकर, अखिलेश पाठक, अमित कनौजिया, पवन कुमार निषाद, रोहिताश्व चंद्र राजू, संजय श्रीवास्तव, अजय विश्वकर्मा, जनार्दन पांडेय, रंजीत शर्मा, देवेंद्र अग्रहरि सहित समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से एडीएम सिटी दिनेश, एडीएम प्रशासन वीशू राजा, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसपी ग्रामीण राधेश्याम राय, अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया, नगर मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय, सीओ सिटी श्रीश त्रिपाठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ला और नगर कोतवाल मनोज कुमार शर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।