Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का फिर मिलेगा मौका, चार दिन चलेगा...

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का फिर मिलेगा मौका, चार दिन चलेगा विशेष अभियान

0
ayodhya samachar

◆ 21, 22, 28 और 29 नवंबर को बूथों पर बैठेंगे बीएलओ, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक स्वीकार होंगे आवेदन


अयोध्या। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान की तैयारी की है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत नवंबर में चार दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन दिनों सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ मतदाता सूची में संशोधन और अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशु राजा ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर दावे और आपत्तियां प्राप्त करने के लिए विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। निर्धारित तिथियों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर उपस्थित रहेंगे। उनके पास प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 और प्रपत्र-8 की पर्याप्त प्रतियां उपलब्ध रहेंगी।

निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को तीन तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। पहली बार मतदाता बनने वाले पात्र नागरिक प्रपत्र-6 भरकर सूची में अपना नाम शामिल करा सकेंगे। मतदाता सूची में दर्ज गलतियों को सुधारने और आवश्यक संशोधन के लिए प्रपत्र-8 भरा जा सकेगा। वहीं, किसी अपात्र अथवा मृत व्यक्ति का नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी।

जनपद की पांचों विधानसभा क्षेत्रों रुदौली-271, मिल्कीपुर (अजा)-273, बीकापुर-274, अयोध्या-275 और गोसाईगंज-276 के मतदेय स्थलों की सूची निर्वाचन विभाग के पोर्टल nicayodhya के डीईओ पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। मतदाता अपने बूथ की जानकारी वहां से प्राप्त कर सकते हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान की तिथियों में सभी मतदेय स्थलों को खुला रखने के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों और अन्य सरकारी कार्यालयों में बनाए गए बूथों पर फर्नीचर सहित जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा गया है। निर्वाचन विभाग का जोर है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version