अयोध्या। चौदहकोसी परिक्रमा के साथ रामनगरी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से पहले शुरू हुई परिक्रमा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामनगरी की परिक्रमा के लिए निकल पड़े। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एडीजी जोन लखनऊ प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, एएसपी गौरव ग्रोवर और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने सरयू घाट से लता मंगेशकर चौक तक विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजामों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और यातायात व्यवस्था लगातार दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से परिक्रमा मार्ग और प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की गई। ड्रोन से भी मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए विभिन्न स्थानों पर खोया-पाया केंद्र बनाए गए। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार सूचनाएं प्रसारित की जाती रहीं। श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश देने के साथ सुरक्षा और यातायात संबंधी जानकारी भी दी गई। अधिकारियों की टीमें लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमण करती रहीं।
मंडलायुक्तनेसाढ़ेछहघंटेमेंपूरीकीपरिक्रमा
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने भी चौदहकोसी परिक्रमा में शामिल होकर करीब छह घंटे 30 मिनट में अपनी यात्रा पूरी की। उन्होंने सहादतगंज स्थित हनुमानगढ़ी से परिक्रमा का शुभारंभ किया। निर्धारित मार्ग से होते हुए परिक्रमा पूरी की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर रुककर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।
मंडलायुक्त ने परिक्रमार्थियों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश, यातायात और सुरक्षा इंतजामों को देखा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। सभी व्यवस्थाएं लगातार सक्रिय और दुरुस्त रखी जाएं।
मंडलायुक्त ने कहा कि चौदहकोसी परिक्रमा सनातन आस्था और अयोध्या की समृद्ध धार्मिक परंपरा का प्रतीक है। इसमें देश और प्रदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। उनकी सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।