जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर पुलिस ने शुक्रवार तड़के कार्रवाई करते हुए पांच हजार के इनामी बदमाश को अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी बदमाश क्षेत्र के नसोपुर घाट पुल के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर ग्राम अमोला निवासी आयुष यादव उर्फ गप्पू को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा 1,500 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया। पुलिस के मुताबिक आयुष यादव उर्फ गप्पू पर जलालपुर, सम्मनपुर और टांडा थानों में मारपीट, अवैध हथियार समेत अन्य आपराधिक मामलों के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। उस पर पांच हजार का इनाम भी घोषित था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी जलालपुर के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव, उपनिरीक्षक राजीव सागर, कांस्टेबल धनंजय यादव, अमित मौर्य, दिनेश चौहान और अमित कुमार शामिल रहे।