अयोध्या। नीट पेपर लीक प्रकरण और छात्र-युवा से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) के कार्यकर्ताओं ने बीकापुर के शहीद स्थल पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तहसीलदार बीकापुर विजय कुमार शुक्ला को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। सभा को संबोधित करते हुए माकपा के जिला सचिव अशोक कुमार यादव ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले में सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि छात्र-युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और उनकी मांगों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान सभा के जिला सचिव मायाराम वर्मा ने की, जबकि संचालन संयुक्त सचिव विनोद कुमार सिंह ने किया। सभा को डीवाईएफआई के प्रदेश उपाध्यक्ष शेर बहादुर शेर, बाबूराम यादव, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मोइनुद्दीन, अर्जुन यादव और देवनारायण जायसवाल ने भी संबोधित किया।
ज्ञापन में नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के अलावा सहारा समूह के उपभोक्ताओं का भुगतान सुनिश्चित कराने तथा किसानों को बिना फार्मर रजिस्ट्री के खाद उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगें शामिल थीं।
प्रदर्शन में रामपाल वर्मा, मोहम्मद हारुन, राम प्रसाद, रामराज, बुधराम यादव, रतिपाल, बलराम, गंगाराम समेत बड़ी संख्या में छात्र, युवा और किसान मौजूद रहे।