Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या छठ महापर्व की आस्था से गुलजार हुआ अयोध्या का बाजार, घंटाघर पर...

छठ महापर्व की आस्था से गुलजार हुआ अयोध्या का बाजार, घंटाघर पर उमड़ी महिलाओं की भीड़

0

◆ दउरी, गन्ना, नारियल और फलों की बढ़ी मांग, महंगाई के बावजूद खरीदारी में उत्साह


अयोध्या। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों ने अयोध्या के बाजारों में रौनक बढ़ा दी है। पर्व को लेकर शहर के प्रमुख बाजार घंटाघर चौक पर खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और मौसमी फलों से सजी दुकानों पर सुबह से ही चहल-पहल बनी हुई है। बाजार में उमड़ी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं।



छठ व्रत रखने वाली महिलाओं ने बताया कि पर्व की शुरुआत के साथ ही खानपान में विशेष सावधानी बरती जाती है। शाम से नमक का सेवन बंद कर दिया जाता है। व्रती महिलाएं खीर और घी से बनी रोटी ग्रहण कर व्रत की शुरुआत करती हैं। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा जाता है। महिलाओं के अनुसार यह व्रत मुख्य रूप से संतान की सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना के लिए किया जाता है। इसके साथ ही मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए भी महिलाएं छठी मइया की आराधना करती हैं।

महिलाओं ने बताया कि छठ महापर्व के प्रति लोगों में गहरी आस्था है। रविवार को गुप्तारघाट पर पूजन-अर्चन के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। घाटों पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या जुटती है। पर्व की धार्मिक मान्यता और परंपराओं के कारण बाजारों में भी विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।


नींबू, नारियल और केले का विशेष महत्व


छठ पूजा में फल और पारंपरिक पूजन सामग्री का विशेष महत्व है। नींबू, नारियल और केला प्रमुख रूप से चढ़ाए जाते हैं। इसके साथ सूप, दउरा, गन्ना और अन्य फल भी अर्पित किए जाते हैं। व्रती महिलाओं का कहना है कि पूजा में सामग्री की मात्रा से अधिक श्रद्धा और सामर्थ्य का महत्व है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार छठी मइया को प्रसाद अर्पित करता है।


महंगाई के बीच भी बाजार में बढ़ी रौनक


घंटाघर चौक के दुकानदारों के मुताबिक इस बार छठ पूजा की खरीदारी अच्छी चल रही है। दउरी, गन्ना, नारियल, दूध और विभिन्न फलों की मांग सबसे अधिक है। दुकानदारों का कहना है कि पिछले वर्ष की तुलना में कीमतों में करीब 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है, इसके बावजूद ग्राहकों की संख्या में कमी नहीं आई है। प्रशासन की ओर से भी दुकानदारों को निर्धारित सीमा में दुकान लगाने और व्यवस्थित ढंग से कारोबार करने के निर्देश दिए गए हैं। दुकानदारों ने बताया कि प्रशासन का सहयोग मिल रहा है और बाजार में कारोबार को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version